Post Views 41
October 16, 2026
अजमेर नगर निगम विवाद: विशेष साधारण सभा न बुलाने पर कांग्रेस पार्षदों की कोर्ट जाने की चेतावनी, 20 तारीख को गढ़वाल पैलेस में जलाएंगे अपना अलग रावण
शुक्रवार को अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बुलाई गई कांग्रेस पार्षदों की बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। 7 दिन पूर्व नगर निगम महापौर को दिए गए ज्ञापन और कानूनी नियमों के तहत विशेष साधारण सभा न बुलाए जाने पर कांग्रेस पार्षदों ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्षदों का कहना है कि वे अब नगर निगम आयुक्त से मिलकर नियमों के अनुसार विशेष साधारण सभा बुलाने की मांग करेंगे और यदि मांग पूरी नहीं हुई तो वे अदालत का रुख करेंगे। इसके अलावा, पुलिस अधीक्षक से हुई बातचीत के हवाले से बताया गया कि एसपी ने मामले की जांच सीओ नॉर्थ को सौंप दी है, जिसकी रिपोर्ट जल्द ही सामने आ सकती है। दूसरी ओर, भाजपा द्वारा की जा रही उपेक्षा के विरोध में कांग्रेस पार्षदों ने इस बार 20 अक्टूबर को गढ़वाल पैलेस में अलग से रावण दहन और दशहरा पर्व मनाने का फैसला किया है।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉक्टर राजकुमार जयपाल ने बताया कि आज सभी पार्षदों की बैठक बुलाई गई थी। 7 दिन पहले हमने महापौर को नगर निगम के नियमानुसार विशेष साधारण सभा बुलाने के लिए ज्ञापन दिया था। तय समय सीमा में सभा न बुलाए जाने पर अब हम सभी पार्षद नगर निगम आयुक्त के पास जाकर नियमानुसार कार्रवाई और सभा आयोजित करने की मांग कर रहे हैं, अन्यथा हम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।इसके साथ ही, एसपी साहब ने हमें आश्वस्त किया है कि जांच सीओ नॉर्थ को सौंप दी गई है और जल्द ही इस पर अपडेट दिया जाएगा।
भाजपा के रवैये और उपेक्षा के विरोध में हमने यह निर्णय लिया है कि आगामी 20 तारीख को हमारी पार्षद और महापौर प्रत्याशी रहीं श्रीमती किरण गढ़वाल के साथ गढ़वाल पैलेस में अलग से रावण दहन किया जाएगा और वहीं दशहरा मनाया जाएगा। कांग्रेस पार्षदों ने एक जुटता दिखाते हुए नगर निगम प्रशासन और सत्ता पक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विशेष साधारण सभा की मांग न मानने पर अदालत जाने की चेतावनी और अलग से रावण दहन का ऐलान अजमेर की स्थानीय राजनीति में नए गरमा-गर्मी के संकेत दे रहा है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved