Post Views 01
October 6, 2026
चाचियावास में तीन बड़े खेल आयोजनों का संगम: ‘साथ खेलें’, यूनिफाइड स्पोर्ट्स एवं फ्लोरबॉल स्टेट लेवल सिलेक्शन ट्रायल
राजस्थान के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी लेंगे भाग, खेलों के माध्यम से समावेशन और समान अवसर का संदेश
अजमेर, 6 अक्टूबर 2026। राजस्थान महिला कल्याण मण्डल एवं स्पेशल ओलंपिक्स भारत–राजस्थान के संयुक्त सहयोग से मीनू स्कूल, चाचियावास, अजमेर में 7 अक्टूबर को तीन महत्वपूर्ण खेल गतिविधियों—‘साथ खेलें राज्य स्तरीय आयोजन, यूनिफाइड स्पोर्ट्स तथा फ्लोरबॉल स्टेट लेवल सिलेक्शन ट्रायल—का आयोजन किया जा रहा है। यह फ्लोरबॉल स्टेट लेवल सिलेक्शन ट्रायल विशेष रूप से स्पेशल ओलंपिक्स भारत द्वारा आयोजित किया जा रहा है। चयनित महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए दिल्ली तथा पुरुष खिलाड़ियों को चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।
राजस्थान महिला कल्याण मण्डल की मुख्य कार्यकारी सचिव क्षमा आर. कौशिक ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समावेशन का प्रभावी साधन भी है। जब दिव्यांग और गैर-दिव्यांग बच्चे एक साथ खेलते हैं तो उनमें एक-दूसरे को समझने, स्वीकार करने और सहयोग करने की भावना विकसित होती है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने के साथ समाज में समान भागीदारी का अवसर प्रदान करते हैं। इस प्रतियोगिता में अजमेर, जयपुर, ब्यावर, जोधपुर, कोटा एवं श्रीगंगानगर से 410 दिव्यांग एवं गैर दिव्यांग एथलिट भाग लेगें।
निदेशक राकेश कुमार कौशिक ने कहा कि खेलों के माध्यम से समावेशन को बढ़ावा देना बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दिव्यांग और गैर-दिव्यांग बच्चों को एक साथ खेल का मंच मिलने से उनके बीच सहयोग, मित्रता और आपसी समझ मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ समाज में समानता, स्वीकार्यता और सम्मान की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। समावेशी खेलों को नियमित गतिविधियों का हिस्सा बनाकर प्रत्येक बच्चे को समान अवसर और सम्मानजनक सहभागिता का मंच उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। तैयारियों एवं समन्वय में तरुण शर्मा, अतिरिक्त निदेशक ने आयोजन की व्यवस्थाओं, प्रतिभागियों के समन्वय और कार्यक्रम की रूपरेखा को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अनुराग सक्सेना, संयुक्त निदेशक ने विभिन्न टीमों के बीच समन्वय, आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं और गतिविधियों के सुचारु संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई है। डॉ. भगवान सहाय शर्मा, स्पोर्ट्स डायरेक्टर स्पेशल ओलिंपिक्स भारत राजस्थान के मार्गदर्शन में खेल गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। आयोजन एवं खेल समन्वय में विवेक कुमार यादव, स्पोर्ट्स कोऑर्डनैटर की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी तथा फ्लोरबॉल सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के तकनीकी संचालन एवं समन्वय में भी वे सक्रिय रूप से जिम्मेदारी निभाएंगे।
इस संयुक्त आयोजन का उद्देश्य खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए उन्हें समावेशन, समानता, आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और आपसी सहयोग का माध्यम बनाना है, ताकि प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved