Post Views 01
October 2, 2026
पुष्कर में पुष्कर थाना क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम होकरा में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर खेतों और बोरवेलों पर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कृषि क्षेत्रों को निशाना बनाते हुए लगभग 12 से 13 मीटर कॉपर केबल सहित कई अन्य उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना की आहट शुक्रवार सुबह तब लगी जब किसान अपने खेतों पर पहुँचे। ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात अज्ञात बदमाशों ने गाँव के खेतों में बने बोरवेल मशीन में लगी कीमती कॉपर केबल काट ली। केवल कॉपर केबल ही नहीं, बदमाशों ने सोलर सेट, ट्रांसफॉर्मर के उपकरणों और बोरवेल मोटरों के साथ-साथ खेतों में खड़े ट्रैक्टरों की टंकियों में से डीजल भी चोरी कर लिया।
पीड़ित किसानों ने दर्ज कराई शिकायत
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने एक साथ कई खेतों को निशाना बनाया। सुबह जब बोरवेल चलाने और खेती का काम शुरू करने किसान पहुँचे, तो कटे हुए तार और सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। किसानों का कहना है कि केबल और सोलर सिस्टम चोरी होने से उनकी सिंचाई का काम पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे फसलों को बड़ा नुकसान होने की आशंका है।
पुलिस कर रही मामले की जाँच
घटना की सूचना तुरंत पुष्कर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और पुराने संदिग्धों के आधार पर जाँच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया जाएगा। ग्रामीणों ने पुष्कर पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर नुकसान की भरपाई कराने की माँग की है
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved