Post Views 01
June 29, 2026
दौसा। दौसा जिले के सदर थाना क्षेत्र में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी महिला ने पहले नहाकर अपने कपड़े धोए, फिर किसी को शक न हो इसलिए शृंगार किया और रोते हुए लोगों को घटना की जानकारी दी। हालांकि पुलिस पूछताछ में उसका नाटक ज्यादा देर तक नहीं चल सका और उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक रमेश बैरवा उम्र करीब 40 वर्ष मूल रूप से खवारावजी के निकट रामधन की ढाणी का निवासी था। वर्तमान में वह चावंड गांगलियावास में मकान बनाकर पत्नी ममता बैरवा और तीन बच्चों के साथ रह रहा था। शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि रमेश का शव घर से कुछ दूरी पर कीकरों के बीच पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रामकरण जोशी राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
जांच के दौरान पुलिस को मौके पर गीले कपड़े दिखाई दिए। इसी आधार पर पुलिस को संदेह हुआ और मृतक की पत्नी ममता बैरवा से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान महिला कई सवालों के जवाब में उलझ गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने ममता बैरवा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले में विधि से संघर्षरत एक किशोर को भी निरुद्ध किया है। पुलिस ने गीले कपड़े जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के दौरान ममता के कपड़ों पर खून लग गया था। आरोप है कि सबूत मिटाने के लिए उसने पहले नहाकर कपड़े धोए और फिर रोने का नाटक करते हुए लोगों को बताया कि किसी ने रमेश की हत्या कर दी है।
सूत्रों के अनुसार रमेश नशे का आदी बताया जा रहा है और नशे सहित अन्य कारणों से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि उस समय रमेश नशे में था। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने कथित रूप से उसके सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद महिला ने रिश्तेदारों को बताया कि किसी ने रमेश की हत्या कर दी है और उसका शव पेड़ों के बीच पड़ा है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने हत्या की बात स्वीकार की है, लेकिन मामले की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटनास्थल से शराब की खाली बोतल भी मिली है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हत्या में कोई और शामिल था या नहीं। इसके लिए एफएसएल जांच करवाई जा रही है। साथ ही आरोपी महिला की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
सूत्रों के अनुसार, यह भी सामने आया है कि महिला कुछ समय के लिए पति से दूर दिल्ली में रही थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले में आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
शव अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर पहले शव लेने से इनकार कर दिया था। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके तथा अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए।
फिलहाल सदर थाना पुलिस हत्या के कारणों, घटना में शामिल संभावित अन्य लोगों और सबूत मिटाने की कोशिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved