Post Views 01
June 23, 2026
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी की अध्यक्षता में रीट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में दक्षिण विधायक अनीता भदेल सहित जिला कलक्टर लोक बंधु, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, अजमेर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम आयुक्त श्रीमती नित्या के., सहित विभागीय अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि है उपस्थित रहे।
अजमेर में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और शहर की व्यवस्थाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं निर्माण कार्य चल रहे हैं तो कहीं बिना समन्वय के तोड़फोड़ की जा रही है। आनासागर झील में सीवरेज का गंदा पानी जाने का मुद्दा उठाते हुए मंत्री ने अधिकारियों से कहा, “मेरे साथ चलिए, मैं आपको वास्तविक स्थिति दिखाता हूं।” उन्होंने विकास कार्यों में बेहतर समन्वय और पर्यावरणीय मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत बताई।
मंत्री ने स्मार्ट सिटी परियोजना और आनासागर झील में गिर रहे सीवरेज के मुद्दे पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत में ही केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने स्मार्ट सिटी परियोजना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी हमारे लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं अभी वडोदरा से होकर आया हूं, वहां स्मार्ट सिटी के तहत बेहद खूबसूरत काम हुआ है, लेकिन अजमेर में स्मार्ट सिटी के नाम पर कहीं निर्माण हो रहा है तो कहीं तोड़फोड़ की जा रही है। ऐसी नौबत क्यों आई, इसका जवाब अधिकारियों को देना होगा।
बैठक के दौरान जब RSRDC से जुड़े कार्यों को लेकर जवाब मांगा गया तो संबंधित विभाग के अधिकारी बैठक में मौजूद नहीं थे। इस पर केंद्रीय मंत्री ने नाराजगी जताई और पूछा कि क्या सभी विभागों के अधिकारी बैठक में पहुंचे हैं। बाद में संबंधित अधिकारियों को बैठक में बुलाया गया।
बैठक में सबसे ज्यादा चिंता का विषय आनासागर झील में गिर रहा सीवरेज का पानी और गंदा पानी रहा। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से सवाल किया कि क्या आनासागर में जा रहे गंदे पानी को रोकने के लिए कोई ठोस योजना बनाई गई है? इस पर अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) के उपायुक्त नित्या के. ने बताया कि करीब 13 नालों का पानी आनासागर में पहुंच रहा है। वर्ष 2021 से सीवरेज कनेक्शन का कार्य चल रहा है और लगातार सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। इस जवाब से असंतुष्ट केंद्रीय मंत्री ने कहा कि "आनासागर एक प्रसिद्ध झील है और अजमेर की पहचान है। यदि इसमें सीवरेज का पानी जाता रहेगा तो इसका महत्व समाप्त हो जाएगा। गंदे नाले सीधे झील में जा रहे हैं। मेरे साथ चलिए, मैं आपको दिखाता हूं कि किस तरह सीवरेज का गंदा पानी सीधे आनासागर में पहुंच रहा है।"
बैठक में उपायुक्त नित्या के ने बताया कि सीवरेज से जुड़े करीब 9 हजार कनेक्शन प्रस्तावित हैं, जिनमें से लगभग 4 हजार कनेक्शन का कार्य अभी लंबित है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने और आनासागर में गंदा पानी जाने से रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में पीडब्ल्यूडी सहित अन्य विभागों की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया और लापरवाही बरतने वाले विभागों को फटकार लगाते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved