Post Views 01
June 23, 2026
आमजन की समस्या के समाधान के लिए सरकार संकल्पबद्ध-डॉ. चतुर्वेदी
राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. चतुर्वेदी एवं देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष श्री भडाणा ने किया शहरी सेवा शिविर का अवलोकन
आमजन को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र
अजमेर, 23 जून। राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं उन्हें विभिन्न प्रमाण-पत्रों का हाथों-हाथ वितरण करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर का मंगलवार को राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. अरूण चतुर्वेदी एवं देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश भडाणा ने अवलोकन किया। नगर निगम में आयोजित शिविर में उन्होंने आमजन को प्रमाण-पत्र वितरित किए। साथ ही यहां लगे हुए विभिन्न विभागों के स्टॉल पर जाकर कार्यों की प्रगति के बारे में जाना।
इस अवसर पर राज्य वित आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरूण चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन की सेवा के पुनीत कार्य में जुटी हुई है। आमजन को उनके घर के पास ही शिविर लगाकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। बड़ी संख्या मं आमजन की समस्याओं का निराकरण हो रहा है। उन्हें राज्य की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया जा रहा है।
डॉ. चतुर्वेदी ने निरीक्षण के दौरान राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही राहत एवं छूट का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने शिविर में प्रत्येक शाखा से कार्य निस्तारण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए प्रकरण शीघ्र निस्तारित करने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने पट्टा लेने हेतु आमजन में अधिक प्रचार प्रसार कर सम्बन्धित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया। डॉ. चतुर्वेदी ने जन्म प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थी को चैक वितरित किए।
देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश भडाणा ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों से बड़ी संख्या में आमजन लाभान्वित हुए हैं। उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। सभी को इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। श्री भडाणा ने यहां उपस्थित आमजन से राज्य सरकार द्वारा कैम्पो में दी गई शिथिलताओ का अधिक से अधिक लाभ लेने हेतु कहा।
निरीक्षण के दौरान शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी एवं मण्डल अध्यक्ष श्री रचित कच्छावा सहित जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved