Post Views 51
June 3, 2026
अवैध देशी पिस्टल व दो जिंदा कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार, 5 दिन के रिमांड पर
अजमेर में अलवर गेट थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर पुलिया के पास घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान रसूलपुरा निवासी अभिनाश छपरवाल के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह पिस्टल पश्चिम बंगाल से लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त, उसके संभावित साथियों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। साथ ही पुलिस आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved