Post Views 01
May 27, 2026
अजमेर बकरा मंडी में चोरी और नकदी पार की दो वारदातें, CCTV में कैद हुए बदमाश, व्यापारियों में दहशत
अजमेर की बकरा मंडी में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने व्यापारियों और पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी है। मंडी में चोरी और नकदी पार करने की दो अलग-अलग वारदातों के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। खास बात यह है कि दोनों घटनाएं वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई हैं। पीड़ितों ने रामगंज थाने में शिकायत देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और मंडी में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पहली घटना 23 मई की देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। पीड़ित सदाम हुसैन के अनुसार कुछ लोग बकरा खरीदने के बहाने मंडी पहुंचे थे। बातचीत के दौरान आरोपियों ने मौका पाकर उसका चितला-काबरा नस्ल का महंगा बकरा खोल लिया और कार में डालकर फरार हो गए। पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पीड़ित ने पुलिस से बकरा बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी घटना 26 मई दोपहर 12:11 बजे की है। पीड़ित इरफान हुसैन आड़त नंबर-23 पर बकरे बेच रहा था। दो बकरों की बिक्री के बाद उसने 50 हजार रुपए अपनी जेब में रखे थे। इसी दौरान चार युवक वहां पहुंचे और एक युवक ने टकराकर गिरने का नाटक करते हुए उसे बातचीत में उलझा लिया। इसी बीच उसके साथी ने जेब से 50 हजार रुपए पार कर दिए।
घटना का पता चलने पर मंडी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रामगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद व्यापारियों ने मंडी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved