Post Views 21
May 12, 2026
एटीएस की सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दिया बड़ी कार्रवाई को अंजाम नेपाल के दो तस्कर गिरफ्तार,
2 किलो चरस बरामद अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ है कीमत
अजमेर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने एटीएस की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 किलो चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए आंकी गई है। दोनों आरोपी नेपाल से अजमेर में चरस की सप्लाई करने पहुंचे थे।
मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि एटीएस से सूचना मिली थी कि दो तस्कर रोडवेज बस के जरिए मादक पदार्थ लेकर अजमेर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने एमडीएस तिराहे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध युवकों की जांच शुरू की। इसी दौरान रोडवेज बस से उतरे दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने नेपाल निवासी खेमकुमार पुत्र भीमसारु और अजय राणा पुत्र महरमान राणा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नेपाल से मादक पदार्थ लाकर भारत के अलग-अलग शहरों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved