Post Views 91
April 15, 2026
उदयपुर | जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां मावली, खेरोदा और भींडर थाना पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए तीन स्कॉर्पियो गाड़ियों से कुल 1287 किलो डोडा-चूरा बरामद किया है। यह पूरी कार्रवाई सोमवार रात नाकाबंदी के दौरान की गई, जब तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ियों को रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवरों ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार में गाड़ी भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और कई जगहों पर टायर ब्रस्ट कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्कर सुनसान इलाकों में गाड़ियां छोड़कर मौके से फरार हो गए।
मावली थाना पुलिस द्वारा पकड़ी गई सफेद स्कॉर्पियो से 27 कट्टों में 476 किलो अवैध अफीम डोडा-चूरा बरामद हुआ। वहीं खेरोदा थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो से 20 कट्टों में 364 किलो डोडा-चूरा जब्त किया गया। इसी तरह भींडर थाना पुलिस ने सलूंबर की ओर से आ रही एक अन्य स्कॉर्पियो को रोकने की कोशिश की, लेकिन तस्कर पहाड़ी और सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर भाग निकले, जिसमें 22 कट्टों में 446 किलो डोडा-चूरा मिला।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एसपी अमृता दुहन के निर्देशन में “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत की गई है। इस ऑपरेशन का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करना है। फिलहाल तीनों मामलों में तस्कर फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों के नेटवर्क को लेकर भी जांच तेज कर दी गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved