Post Views 41
April 14, 2026
आदर्श नगर थाना अंतर्गत बडलिया गांव में चोरों ने मचाया शोर, मकान के पीछे रोशनदान से घर में घुसकर लगभग 15 लाख के जेवर और नगदी की की चोरी
अजमेर के आदर्श नगर थाना अंतर्गत बड़लिया गांव में चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी जेवरात और नकदी चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि परिवार शादी समारोह में गया हुआ था, इसी दौरान पीछे से चोर जाली तोड़कर घर के अंदर घुस गए और वारदात को अंजाम दिया। जब परिवार लौटा तो चोरी का पता चला। घटना आदर्श नगर थाना क्षेत्र स्थित बड़लिया गांव में सोमवार की है। फिलहाल आदर्श नगर थाना पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
शीला पत्नी विक्रम सिंह एवं पड़ोसी शक्तिसिंह रावत ने बताया कि विक्रम सिंह परिवार के साथ पड़ोस में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए करीब 9 बजे घर से निकले थे। रात को 11 बजे जब वापस लौटे तो चोरी होने का पता चला। उन्होंने बताया कि चोर मकान के रोशनदान की जाली तोड़कर घर में घुसे और अलमारी व पलंग में रखे लगभग 12 से 15 तोला सोने-चांदी के जेवर और 25 से 30 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब 12 से 15 लाख रुपए है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद आदर्श नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस को चोरों द्वारा जाली तोड़ने में काम में लिया सरिया ओर चप्पल भी मिली है, पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved