Post Views 61
December 22, 2025
उदयपुर में भारतीय जनता पार्टी शहर संगठन की ओर से आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भव्य युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सेक्टर-4 स्थित नेशनल मिष्ठान भंडार के बाहर आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया। सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, संगठन की मजबूती और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की। मंच से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि युवा मोर्चा ही पार्टी की ऊर्जा है और संगठन की मजबूती का सबसे मजबूत आधार भी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की सबसे सशक्त इकाई है और आने वाले समय में भाजपा की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में युवाओं की निर्णायक भूमिका रहने वाली है। ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि युवा शक्ति आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप और स्वरोजगार के नए अवसर बने हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। सम्मेलन में जिला, प्रदेश, मंडल और मोर्चा पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष मांगीलाल जोशी, प्रदेश सहकारिता संयोजक प्रमोद सामर, पारस सिंघवी, देवीलाल सालवी और पंकज बोराणा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved