Post Views 01
July 11, 2025
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने जयपुर में आरएलडी कार्यकर्ता सम्मेलन में घोषणा की कि पार्टी राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव अपने सिंबल पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भाजपा और कांग्रेस से ऊब चुकी है और अब आरएलडी तीसरे सशक्त विकल्प के रूप में उभरेगी।।
जयंत चौधरी ने कहा कि राजस्थान की जनता हर पांच साल में रोटी बदलती है, लेकिन दोनों तरफ से घी नहीं लग रहा। आम लोग चुपड़ी हुई रोटी से वंचित हैं।" उन्होंने कहा कि आरएलडी प्रदेश के युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों को जोड़ते हुए जनसुनवाई केंद्र खोलेगी और गांव-गांव में संगठन को मजबूत बनाएगी। पार्टी का उद्देश्य केवल पहले, दूसरे या तीसरे स्थान पर आना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सशक्त संगठन निर्माण करना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि राजस्थान के स्थानीय चुनावों में पार्टी अपने प्रतीक चिह्न पर उम्मीदवार उतारेगी और मेहनती कार्यकर्ताओं को पूरी तरह समर्थन देगी। उन्होंने बताया कि उन्हें राजस्थान से गहरा लगाव है और यहां की जनता ने सदैव चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को सम्मान दिया है। उन्होंने नागौर का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि वहां से कोई फाइल आती है, तो वह उसे मना नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने राजस्थान में पार्टी के भीतर कथित अंतर्विरोधों को नकारते हुए स्पष्ट किया कि विधायक सुभाष गर्ग और प्रदेश अध्यक्ष अवाना के बीच कोई मतभेद नहीं है और आज गर्ग द्वारा अवाना को पगड़ी पहनाकर एकजुटता का प्रतीक प्रस्तुत किया है।
इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश में होटल-रेस्टोरेंट चेकिंग को अनुचित बताते हुए कहा कि त्योहारों और धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। वहीं भाषा विवाद पर उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषाओं को कक्षा 1 से 5 तक शिक्षा का माध्यम बनाना चाहिए, ताकि बच्चों में बहुभाषी समझ विकसित हो सके।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved