Post Views 61
December 14, 2022
भूत प्रेत का इलाज करने के बहाने लगाई डेढ़ लाख रुपए की चपत, पीड़ित न्याय की आस में पुलिस प्रशासन के लगा रहा है चक्कर
अलवर के नजदीक बड़ौदामेव के रहने वाले अमर सिंह के साथ कथित तांत्रिक इमरान और इरफान ने की ठगी
अलवर के नजदीक गांव बड़ौदामेव के रहने वाले अमर सिंह को दो कथित तांत्रिकों ने भूत प्रेत भगाने के बहाने अपने ठगी का शिकार बनाकर डेढ़ लाख रुपए हड़प लिए और फरार हो गये। पीड़ित अमर सिंह ने बताया कि वह बड़ौदामेव में किराए के मकान में रहता है और मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। उसकी पत्नी ज्यादातर समय बीमार रहती है उस पर ऊपरी हवा का प्रकोप है। उसके घर पर दो व्यक्ति आए जिन्होंने अपना नाम इरफान और इमरान बताया। उन्होंने भूत प्रेत का इलाज करने का झांसा देकर उन्हें जयपुर बुलाया वहां से उन्हें लेकर अजमेर दरगाह आ गए। यहां उन्हें गेस्ट हाउस में ठहरा दिया और उनके पास मौजूद नकदी को हरे कपड़े में बांधकर कहा कि हम ढाई दिन की झोपडे में जाकर इसका इलाज करके आते हैं। जब वह वापस नहीं लौटे तो उन्होंने हरे कपड़े को खोलकर देखा तो उसमें डेढ़ लाख रुपए की जगह रद्दी भरी हुई थी। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला और वह उनकी शिकायत लेकर दरगाह थाने पहुंचे। लेकिन थाने में उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद न्याय की आस में वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अपनी फरियाद एसपी को सुनाई। उन्होंने बताया कि पुलिस चाहे तो गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों को पकड़ सकती है।उसने बताया कि वह बहुत गरीब है उसे उसके पैसे वापस दिलाएं जाएं अन्यथा उसके पास में मरने के सिवा और कोई चारा नहीं बचेगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved