Post Views 11
July 3, 2022
भव्य रथ में भगवान जगन्नाथ के साथ सुभद्रा कुमारी और बलराम विराजित है। रथ को कृष्ण भक्त कुरुक्षेत्र से वृंदावन के भाव में रस्सियों से खींच रहे हैं। रथ की सजावट और भगवान का श्रंगार बंगाल व अन्य राज्यों से मंगाए गए विशेष फूलों द्वारा किया गया है, इस नयनाभिराम श्रृंगार और भगवान के दर्शनों के लिए मानो पूरा शहर ही उमड़ पड़ा। यह मनोरम नजारा है इस्कॉन द्वारा अजमेर में पहली बार निकाली जा रही भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का। रविवार दोपहर 3:30 बजे नगर निगम प्रांगण से नगर निगम सांसद भागीरथ चौधरी, महापौर बृजलता हाड़ा, उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी, उपमहापौर नीरज जैन सहित नगर निगम के पार्षदगण, अजमेर व्यापार संघ के पदाधिकारी व हजारों की संख्या में शहरवासियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रथ यात्रा को आरंभ किया गया। रथयात्रा के आगे आगे सभी गणमान्य अतिथि सोने की झाड़ू से मार्ग साफ करते हुए चल रहे थे। रथ यात्रा पर पुष्पों ओर इत्र की वर्षा हो रही थी, जगह-जगह प्रसाद का वितरण किया जा रहा था। हरे रामा हरे कृष्णा के संकीर्तन के साथ भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा रथ यात्रा का मार्ग गुंजायमान होता रहा। इस्कॉन अजमेर के प्रमुख संचालक चैतन्य चरणदास प्रभु ने बताया कि अजमेर में पहली बार इस्कॉन द्वारा भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जा रही है। श्री श्री राधा माधव मंदिर के भक्तों द्वारा रथ यात्रा की सजावट व तैयारियां की गई। इस रथयात्रा में अन्य जिलों से भी भक्त मंडलिया खासतौर से अजमेर आई हैं। यह रथ 45 फुट ऊंचा है। रथ की ऊंचाई को बिजली के तारों से बचाने के लिए हाइड्रोलिक सिस्टम भी लगाया गया है ताकि उसे ऊंचा नीचा किया जा सके। रथ यात्रा में इस्कॉन से जुड़े पुरुष भक्त धोती कुर्ते में तो महिलाएं साड़ी पहनकर सपरिवार शामिल हुई। नगर निगम से शुरू हुई भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा चूड़ी बाजार, नया बाजार, आगरा गेट,बजरंगढ़ चौराहा, वैशाली नगर होते हुए सेवन वंडर्स के पास स्थित पर्ल पैराडाइज पर पहुंचकर संपन्न हुई। जहां सभी के लिए प्रसादी का आयोजन भी किया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved