Post Views 11
July 3, 2022
यूं तो हर समाज में सामूहिक विवाह सम्मेलन की परंपरा देखने को मिलने लगी है, लेकिन तीर्थ नगरी पुष्कर में रविवार को सर्वजातीय सामुहिक विवाह का अनूठा संयोग देखने को मिला। सेवा भारती समिति अजमेर के तत्वावधान में श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समिति की ओर से रविवार को कस्बे के वैष्णव धर्मशाला में सर्वजातीय सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 7 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। वर-वधु को उपहार स्वरूप घरेलू कार्य में उपयोगी वस्तु भेंट की गई। सेवा भारती चितौड़ प्रान्त के मंत्री मोहन लाल खंडेलवाल ने बताया कि संस्था ने सामाजिक समरसता बढाने तथा समाज के हर जाति वर्ग को एक साथ लाकर इस कार्य को संपन्न कराने का बीडा उठाया है। इसके अंतर्गत पूरे प्रदेश में अब तक ढाई हजार जोड़ों का सामुहिक विवाह सम्पन्न कराया जा चुका है।उन्होंने बताया कि सर्वजातीय सामुहिक विवाह सम्मेलन कराने का उद्देश्य समाजों में फिजूलखर्ची को रोकना है।नव विवाहित जोड़ों को 50 - 50 हजार रुपये का गृहस्थी बसाने का सामान भी संस्था द्वारा उपहार स्वरूप प्रदान किया गया है। साथ ही वर वधू पक्ष के लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की गई है। श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह को सन्तों का सान्निध्य व आशीर्वाद भी मिला। मुख्य रूप से राष्ट्रीय सन्त महामण्डलेश्वर दिव्य मुरारी बापू, गनाहेड़ा धाम अ.श्री.वि. जयकृष्ण देवाचार्य, पीठाधीश्वर निम्बार्कपीठ श्री श्याम शरण देवाचार्य, काचरिया, चित्रकूट धाम के सन्त पाठक जी महाराज ,महंत नंदराम शरण , रामसखा पुष्कर मौजूद रहे। इस दौरान अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी , अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल , पुष्कर विधायक सुरेश रावत , अशोक सिंह रावत , सहित कई गणमान्य लोगों ने भी परिणय सूत्र में बंधे दंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved