Post Views 11
October 26, 2020
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने करगिल युद्ध के लिए पूर्व सैन्य शासक परवेज मुशर्रफ को जिम्मेदार ठहराया है। शरीफ रविवार को विपक्षी दलों द्वारा आयोजित सरकार के खिलाफ रैली में शामिल हुए थे। सरकार के खिलाफ तीसरी बड़ी रैली में शरीफ ने करगिल युद्ध को लेकर कई अहम दावे किए। बता दें कि 1999 में हुए करगिल यु्द्ध में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा था।
शरीफ ने रैली को वीडियो लिंक के जरिए संबोधित करते हुए कहा, पाकिस्तान की सेना ने कारगिल में बर्फ से ढके पहाड़ों में लड़ाई लड़ी थी, जहां जीत का कोई मौका नहीं था। यहां हमारे जवानो के पास हथियार भी नहीं थे। उन्हें अपने जिंदगी से हाथ धोना पड़ा। लेकिन देश और समुदाय को इससे क्या मिला?
शरीफ ने कहा, कुछ ऐसे लोग हैं जो देश और समुदाय को तोड़ रहे हैं। पाकिस्तान सेना की आड़ में अपराध करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि जो जनरल करगिल युद्ध के पीछे थे, उन्होंने अपने कार्यों को छिपाने और सजा से बचने के लिए मार्शल लॉ घोषित कर दिया। परवेज मुशर्रफ और उनके साथियों ने सेना को व्यक्तिगत फायदे के लिए इस्तेमाल किया और उन्हें अपमानित किया। शरीफ ने मुशर्रफ को बेनजीर भुट्टो की हत्या और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार ठहराया। आगे कहा कि इमरान खान और राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (NAB) के पास मुशर्रफ के खिलाफ मुकदमा चलाने की हिम्मत नहीं थी। एंटी-करप्शन ब्यूरो ने गुजरांवाला रैली के बाद शरीफ के खिलाफ एक नए मामले को मंजूरी दे दी, जहां उन्होंने इमरान खान पर निशाना साधा था। जुलाई 2018 के आम चुनावों से कुछ दिन पहले शरीफ को एवेनफील्ड संपत्तियों के मामले में दोषी ठहराया गया और 10 साल जेल की सजा सुनाई गई। उन्हें 2017 में सत्ता से बेदखल कर दिया गया था और बाद में इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने उन्हें जमानत दे दी थी। शरीफ इलाज के लिए अभी लंदन में है।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved