Post Views 91
October 25, 2026
अनिल वनवानी/उदयपुर। सोशल मीडिया पर आए एक अनजान लिंक को खोलना बुजुर्ग को भारी पड़ गया। फेसबुक पर टीवी से संबंधित लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके बैंक खाते से दो दिन में 1 लाख 73 हजार 800 रुपए निकल गए। हैरानी की बात यह है कि दोनों बार खाते से रकम कटने के बावजूद बैंक की ओर से कोई अलर्ट मैसेज नहीं आया। पीड़ित को बैंक पहुंचने पर ठगी का पता चला। अब हिरणमगरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक लिंक खोलते ही खाते पर साइबर ठगों की नजर!
पुलिस के अनुसार, हिरणमगरी थाना क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित विद्या नगर निवासी दिनेश पोरवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को फेसबुक पर टीवी से संबंधित एक लिंक आया था। उन्होंने जैसे ही लिंक खोला, कुछ समय बाद उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से 97 हजार रुपए कट गए। पीड़ित अभी पहली रकम कटने से अनजान थे कि अगले ही दिन खाते से 76 हजार 800 रुपए और निकल गए। इस तरह दो दिनों में कुल 1 लाख 73 हजार 800 रुपए की चपत लग गई।
बैंक पहुंचे तो पता चला खाते से निकल गए पैसे
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों ट्रांजेक्शन के बाद भी पीड़ित के मोबाइल पर बैंक का अलर्ट मैसेज नहीं आया। जब वे बैंक पहुंचे, तब उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी मिली। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर विशेषज्ञों की मदद से जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगी से बचने के लिए क्या करें?
साइबर एक्सपर्ट डीएसपी श्यामसिंह रत्नू ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
* सोशल मीडिया पर आने वाले अनजान लिंक को खोलने से बचें।
* किसी अनजान वेबसाइट पर बैंक खाते या कार्ड से जुड़ी जानकारी न भरें।
* बैंक का अलर्ट नहीं आने पर स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन की जांच करें।
* मोबाइल नंबर और बैंक अलर्ट की सुविधा चालू है या नहीं, इसकी पुष्टि करें।
* खाते से संदिग्ध रकम कटने पर तुरंत बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन या शाखा से संपर्क करें।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत: साइबर फ्रॉड की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। जल्द शिकायत करने से रकम को रोकने या वापस दिलाने की संभावना बढ़ सकती है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved