Post Views 01
October 24, 2026
फुलेरा के पास स्कूल क्रूजर पलटी, 16 बच्चे घायल; तीन छात्राओं को गंभीर फ्रैक्चर
रोजड़ी गांव के पास दोपहर में हुआ हादसा, 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
फुलेरा जयपुर ग्रामीण :- रिपोर्ट: डब्लू गोस्वामी
फुलेरा क्षेत्र के रोजड़ी गांव के पास शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूली बच्चों को घर लेकर जा रही क्रूजर गाड़ी पलट गई। हादसे में करीब 16 बच्चे घायल हो गए, जबकि तीन छात्राओं को गंभीर फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल बच्चों को उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त क्रूजर हिरनोदा स्थित गणेश बाल विद्या मंदिर की थी। हादसे में शारदा चौधरी (17), ऋषिका (13) और निशा (14) को गंभीर फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। उपजिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील यादव, डॉ. जावेद अख्तर और डॉ. मनोज बियानी ने घायल बच्चों का उपचार किया।
स्कूल वाहनों की फिटनेस पर उठे सवाल ,स्कूली बच्चों को घर छोड़ने के दौरान हुए इस हादसे ने स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए वाहनों की तकनीकी जांच, निर्धारित क्षमता और सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करना जरूरी है। हादसे के कारणों की जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved