Post Views 01
June 22, 2026
सूने मकान में चोरी, सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर
अजमेर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात घूघरा स्थित हनुमान नगर में हुई। पीड़ित नरेन्द्र सिंह पुत्र जुगल सिंह ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार नरेन्द्र सिंह अपने पिता का इलाज करवाने के लिए जयपुर के एक अस्पताल गए हुए थे। इसी दौरान उनके मकान को सूना पाकर चोरों ने धावा बोल दिया। बदमाश मकान के मुख्य ताले तोड़कर अंदर घुसे और तीन कमरों की तलाशी ली। चोरों ने घर में रखी अलमारियों को खंगालते हुए उनमें रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में सोने की चेन, अंगूठियां सहित अन्य कीमती जेवरात शामिल हैं।
वारदात का पता तब चला जब पड़ोसियों ने मकान मालिक को घर के ताले टूटे होने की सूचना दी। इसके बाद नरेन्द्र सिंह अजमेर पहुंचे और घर का निरीक्षण किया तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा मिला तथा अलमारी से जेवरात गायब थे।
सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल और एमओबी टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved