Post Views 41
June 21, 2026
ऎतिहासिक धरोहरों पर गूंजा योग का संदेश, युवाओं ने लिया ‘योग 365’ का संकल्प
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर माय भारत के तत्वावधान में विभिन्न स्थलों पर आयोजित हुए योग सत्र
अजमेर, 21 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘योग 365’ थीम के अंतर्गत अजमेर के विभिन्न स्थलों पर योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
जिला युवा अधिकारी श्री जयेश मीना ने बताया कि ‘योग 365’ अभियान के तहत वर्षभर योग सत्र, जागरूकता अभियान, सोशल मीडिया आउटरीच, योग स्पेस मैपिंग तथा योग यूथ एम्बेसडर जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को नियमित योगाभ्यास से जोड़कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में अजमेर की ऎतिहासिक धरोहर अढ़ाई दिन का झोंपड़ा तथा ऋषि उद्यान (स्वामी दयानंद गार्डन) में विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। अढ़ाई दिन का झोंपड़ा में महाराणा प्रताप युवा मंडल एवं वीर शिवाजी युवा मंडल के सदस्यों ने "Yoga Beyond Mats" एवं "Each One Teach One" अभियान के तहत योगाभ्यास कर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। वहीं ऋषि उद्यान में योग प्रशिक्षक वासुदेव मुनि जी के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में महाराणा प्रताप युवा मंडल की अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा सहित मानसी अधीर, केशव अजमेरा, पुखराज सोनी, जगदीश यादव, ऋषभ अजमेरा, सारा शर्मा, मृगेश वशिष्ठ, गेहना शर्मा, हर्षिता शर्मा तथा अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved