Post Views 41
June 21, 2026
नीट (यूजी) परीक्षा 2025 शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित सम्पन्न, जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
अजमेर, 21 जून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) नई दिल्ली द्वारा आयोजित नीट (यूजी) परीक्षा 2025 रविवार को अजमेर एवं किशनगढ़ में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने सावित्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं सम्राट पृथ्वीराज राजकीय महाविद्यालय स्थित परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने केन्द्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ संपादित की जाए तथा परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
उन्होंने कहा कि परीक्षा का शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी नई दिल्ली के निर्देशानुसार सभी प्रशासनिक अधिकारियों, केन्द्राधीक्षकों, वीक्षकों एवं अन्य कार्मिकों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ सतत निगरानी रखी गई ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने परीक्षा केन्द्रों पर तैनात अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए सहज एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखने को निर्देशित किया।
दोनों पारियों में ये रहीं उपस्थित
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा रविवार को अजमेर एवं किशनगढ़ के 15 परीक्षा केन्द्रों पर नीट (यूजी) परीक्षा 2025 आयोजित की गई। अजमेर के 9 परीक्षा केन्द्रों पर पंजीकृत 3600 परीक्षार्थियों में से 3222 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जिससे उपस्थिति प्रतिशत 89.50 रहा। वहीं किशनगढ़ के 6 परीक्षा केन्द्रों पर पंजीकृत 2631 परीक्षार्थियों में से 2328 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए तथा उपस्थिति प्रतिशत 88.48 दर्ज किया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved