Post Views 21
June 21, 2026
21 जून 2026 को पूरे विश्व में मनाया 12 वाँ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस
अजमेर जिला मुख्यालय पर तीन स्थानों पर हुए योग के कार्यक्रम,मुख्य समारोह पुलिस लाईन मैदान में
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी ने किया योग
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 रविवार को जिलेभर में योग से सम्बन्धित कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाईन मैदान में आयोजित हुआ। इसके साथ-साथ जिला मुख्यालय पर वरूण सागर एवं बारादरी पर भी योग दिवस मनाया गया। मुख्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी ने योग किया। आयुर्वेद विभाग को योग दिवस का नोडल विभाग बनाया गया।
12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्थी एजिंग रखा गया। इसी को केन्द्र में रखकर प्रोटोकॉल के अनुसार जिलेभर में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक योग के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय पर मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाईन मैदान में भारत स्वाभिमान पतंजलि योग समिति के यतीन्द्र शास्त्री के दल द्वारा किया गया। वरूण सागर पर योग कार्यक्रम का संयोजन श्री रामचन्द्र मिशन हार्टफुलनेस संस्थान की श्रीमती अमिन्दर कौर मैक के दल द्वारा कराया गया। इनके साथ जिला समन्वयक गिरीश गुप्ता तथा योग प्रशिक्षक नितेन्द्र उपाध्याय उपस्थित रहे। इसी प्रकार बारादरी पर महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय के योग विभाग के डॉ. लारा शर्मा के दल द्वारा योगाभ्यास करवाया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरा अजमेर योगमय नजर आया।
जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां हजारों लोगों ने एक साथ प्राणायाम और विभिन्न योगासन कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी आयुर्वेद विभाग को सौंपी गई थी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष संदेश भी प्रसारित किया गया।
मुख्य समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, भाजपा और कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के अलावा प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे। जिलेभर में स्कूलों, संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की ओर से अलग-अलग स्थानों पर योग शिविर आयोजित किए गए। कई स्थानों पर बच्चों ने पानी में योग (जलीय योग) कर भारत का राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए आकर्षक प्रस्तुति दी।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सनातन और शाश्वत परंपरा योग को पूरे विश्व के 180 से अधिक देशों तक पहुंचाने का कार्य किया है। योग हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, जिससे मन, बुद्धि और आत्मा की शुद्धि होती है और व्यक्ति देश के विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे सकता है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में भी 5000 से अधिक स्थानों पर योग दिवस मनाया जा रहा है। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि योग व्यक्ति को निरोग बनाता है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि विश्व बंधुत्व और मानव कल्याण का माध्यम भी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved