Post Views 31
May 10, 2026
तिरुवनंतपुरम। केरल विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बावजूद कांग्रेस नेतृत्व वाला गठबंधन अब तक मुख्यमंत्री पद के चेहरे का ऐलान नहीं कर पाया है। चुनाव परिणाम आने के छह दिन बाद भी पार्टी के भीतर मंथन जारी है और मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री पद की रेस में के.सी. वेणुगोपाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन और छह बार के विधायक रमेश चेन्निथला प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
कांग्रेस आलाकमान ने 6 मई को मुकुल वासनिक और अजय माकन को पर्यवेक्षक बनाकर केरल भेजा था। दोनों नेताओं ने कांग्रेस विधायकों से चर्चा के बाद रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंप दी। सूत्रों के अनुसार अधिकांश विधायकों ने के.सी. वेणुगोपाल के नाम का समर्थन किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस के 63 विधायकों में से लगभग 75 से 80 प्रतिशत विधायकों ने वेणुगोपाल के पक्ष में राय दी है। सोशल मीडिया पर भी कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ सहित कई नेताओं द्वारा वेणुगोपाल को समर्थन देने का दावा किया जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि यदि के.सी. वेणुगोपाल मुख्यमंत्री बनते हैं तो विधायक सनी जोसेफ अपनी सीट छोड़ सकते हैं, ताकि वेणुगोपाल उपचुनाव लड़कर विधानसभा पहुंच सकें।
वहीं दूसरी ओर वी.डी. सतीशन को अपेक्षाकृत कम समर्थन मिलने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें केवल छह विधायकों का समर्थन मिला, हालांकि बाद में कांग्रेस के तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ने उनके पक्ष में समर्थन जताया। इसके अलावा गठबंधन सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और केरल कांग्रेस (जोसेफ) ने भी खुलकर सतीशन का समर्थन किया है।
अब सभी की नजर कांग्रेस आलाकमान के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है, जो आने वाले दिनों में केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर सकता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved