Post Views 11
May 10, 2026
गुवाहाटी। असम में रविवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में हिमंता बिस्वा सरमा को एक बार फिर विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही हिमंता लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनका शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को सुबह 11 बजे आयोजित होगा।
असम में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समारोह में नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा नेताओं का मानना है कि हिमंता बिस्वा सरमा का दोबारा मुख्यमंत्री बनना उत्तर-पूर्व भारत में पार्टी की राजनीतिक पकड़ को और मजबूत करेगा। उनके नेतृत्व में भाजपा ने असम की राजनीति में लगातार अपना प्रभाव बढ़ाया है।
असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि पार्टी दोपहर तक राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। उन्होंने बताया कि 12 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
दिलीप सैकिया ने कहा, “यह ऐतिहासिक क्षण होगा, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हिमंता बिस्वा सरमा 102 विधायकों के समर्थन के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।”
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved