Post Views 61
April 14, 2026
उदयपुर | कुराबड़ थाना क्षेत्र के बंबोरा गांव में दिनदहाड़े हुई चोरी ने इलाके में दहशत फैला दी है। चोरों ने महज आधे घंटे के भीतर सूने घर को निशाना बनाते हुए आधा किलो चांदी के जेवर, एक तोला सोना और करीब 5 हजार रुपए नकद पर हाथ साफ कर दिया। यह वारदात सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुई, जब पूरा परिवार घर से कुछ ही दूरी पर चल रहे शादी समारोह में शामिल था।
चोरों ने पहले घर के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर कमरे का लॉक तोड़कर सीधे अलमारी तक पहुंचे, जहां से उन्होंने कीमती जेवर और नकदी निकाल ली। चोरी की यह वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि किसी को भनक तक नहीं लगी। पीड़ित राजू गायरी, जो मुंबई में मजदूरी करते हैं, उनके परिवार के सदस्य उसी समय मोहल्ले में लग्न कार्यक्रम में व्यस्त थे। चोरी हुए सामान में चांदी के कड़े और गले के आभूषण शामिल हैं।
घटना के बाद सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इलाके में कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, जिससे चोरों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हालांकि पुलिस आसपास की दुकानों के फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार जल्द ही एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved