Post Views 31
October 30, 2025
अलवर। राजस्थान-हरियाणा सीमा पर पेट्रोल-डीजल के दामों में अंतर अब बड़ा मुद्दा बन चुका है। अलवर जिले के नौगांवा कस्बे और आसपास के करीब 15 गांवों के लोग रोजाना हरियाणा के मुंडाका गांव में सस्ता तेल भरवाने पहुंच रहे हैं। नौगांवा से मुंडाका की दूरी मात्र 2 किलोमीटर है। इसी तरह कोतपूतली-बहरोड़ क्षेत्र के लोग कांटी गांव, जबकि खैरथल-तिजारा और भिवाड़ी के लोग धारूहेड़ा चौराहे तक जाकर वाहन में तेल भरवा रहे हैं, क्योंकि वहीं से हरियाणा की सीमा शुरू हो जाती है।
टैक्स स्लैब में अंतर के कारण राजस्थान में पेट्रोल-डीजल महंगा और हरियाणा में सस्ता है। इसी वजह से सीमा क्षेत्र के लोग रोजाना हरियाणा जाकर पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। इस स्थिति ने स्थानीय पेट्रोल पंपों को भारी नुकसान पहुंचाया है। नौगांवा में तो एक भी पेट्रोल पंप नहीं है, जबकि मुबारिकपुर रोड और बीजवा में नए पंपों का आवंटन होने के बावजूद वे चालू नहीं हो सके। बहरोड़ व भिवाड़ी के पंप भी घाटे में चल रहे हैं।
राजस्थान बनाम हरियाणा — तेल कीमतें
राज्य | पेट्रोल (₹/लीटर) | डीजल (₹/लीटर) |
राजस्थान | ₹105.93 | ₹91.28 |
हरियाणा | ₹95.05 | ₹87.53 |
तस्करी नेटवर्क सक्रिय, टैंकरों में अवैध स्टॉकिंग
तेल की कीमतों में अंतर का फायदा उठाकर कई तस्कर भी सक्रिय हो गए हैं। वे हरियाणा से ड्रमों और टैंकरों में पेट्रोल-डीजल भरकर राजस्थान में अवैध रूप से बेच रहे हैं। कुछ लोग इसे दुकानों और गोदामों में स्टोर कर कालाबाजारी कर रहे हैं। यह न केवल बड़ी दुर्घटना का खतरा पैदा कर रहा है बल्कि राज्य सरकार को हर साल करीब ₹290 करोड़ राजस्व का नुकसान भी हो रहा है।
भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में तो हरियाणा से प्रतिदिन 30 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल लाने का अनुमान है। हरियाणा के धारूहेड़ा में तो हालात यह हैं कि हर 100 मीटर पर एक पेट्रोल पंप मिल जाता है।
प्रशासन सख्त, जांच के आदेश
अलवर जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला ने कहा है कि यदि हरियाणा से पेट्रोल-डीजल लाकर राजस्थान में बेचा जा रहा है, तो संयुक्त टीम बनाकर जांच और कार्रवाई की जाएगी
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved