Post Views 01
January 16, 2025
दिल्ली की जनता आप सरकार से ऊब चुकी है, कांग्रेस का वजूद नहीं, केवल भाजपा विकल्प : भागीरथ चौधरी
दिल्ली विधानसभा के मद्देनजर भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन सभाओं में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने केजरीवाल और कांग्रेस पर किया कटाक्ष, दिल्ली में भाजपा के बहुमत आने का दावा
किशनगढ़, 16 जनवरी 2025
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर गुरुवार को पालम और मटियाला विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रमों में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने भाग लिया। पालम से भाजपा प्रत्याशी कुलदीप सोलंकी और मटियाला से भाजपा प्रत्याशी संदीप सहरावत के नामांकन में केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा कटाक्ष किया।
पालम में आयोजित सभा में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने आम आदमी पार्टी सरकार की नीतियों को "झूठे वादों और छलावे की राजनीति" करार दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता आप सरकार के खोखले वादों, भ्रष्टाचार और बदहाल प्रशासन से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने के बाद केवल प्रचार और गुमराह करने की राजनीति की है। दिल्ली को अब विकास और सुशासन की जरूरत है, जो केवल भाजपा दे सकती है।
भाजपा के सुशासन में होगा दिल्ली का विकास : कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भागीरथ चौधरी ने कहा कि कांग्रेस आज दिल्ली की राजनीति में अप्रासंगिक हो चुकी है। उसके पास ना तो नेतृत्व है और ना ही विजन। दिल्ली की जनता ने कांग्रेस की विफलताओं को भुलाया नहीं है और उसे खारिज कर दिया है। मटियाला में संदीप सहरावत के नामांकन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा दिल्ली में एक नई सुबह लेकर आएगी। जनता अब 'आप' की राजनीति से उब चुकी है और कांग्रेस को ठुकरा चुकी है। भाजपा ही एकमात्र विकल्प है जो दिल्ली को विकास, पारदर्शिता और सुरक्षित भविष्य प्रदान कर सकती है।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved