Post Views 821
June 28, 2017
जयपुर। शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से मंगलवार शाम को नई दिल्ली के शास्त्री भवन में भेंट कर उन्हें राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।जावड़ेकर ने प्रो देवनानी को परिषद की गतिविधियों का अवलोकन करने के निर्देश दिए थे। प्रो. देवनानी ने मंगलवार को नई दिल्ली के आर.के.पुरम स्थित परिषद कार्यालय का निरीक्षण कर वहाँ चल रही गतिविधियों का अवलोकन किया था।प्रो.देवनानी ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि सिंधी सहित संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल भाषाओं से जुड़ी राष्ट्रीय संस्थाओं को कायम रखा जाना चाहिए ताकि उनकी स्थापना के उद्देश्यों को पूरा किया जा सके। साथ ही राष्ट्रभाषा हिन्दी के साथ इन मान्यता प्राप्त भाषाओं को भी सवार्ंगीण विकास का अवसर मिल सके।
प्रो.देवनानी ने केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर को राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में अर्जित की गई उपलब्धियो की जानकारी भी दी। उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान,राष्ट्रीय माध्यमिक अभियान रमसा आदि की प्रगति भी बताई और उन्हें और अधिक गतिमान, व्यवस्थित और विश्वसनीय बनाने के संदर्भ में व्यवहारिक सुझाव दिए।प्रो.देवनानी ने जावड़ेकर को अजमेर के मॉडल स्कूल और शिक्षा के विकास में योगदान देने वाले भामाशाहों के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कुशल नेतृत्व में राज्य में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने स्कूल भवनों और शिक्षा विकास के अन्य कार्यों के लिए 62 करोड़ रुपये से भी अधिक धनराशि का योगदान प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में यह राशि 100 करोड़ रुपये तक बढ़ने की उम्मीद है।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved