Post Views 1021
June 23, 2017
जयपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित सहयोग एवं उपहार योजना के अंतर्गत वर्ष 2016-17 के दौरान आठ हजार 425 विधवा, बी.पी.एल., आस्था कार्डधारियों की कन्याओं की शादियों के लिए 12 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता देकर राहत पहुंचाई है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. अरूण चतुर्वेदी ने बताया कि पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की 2 हजार 604 कन्याओं की शादी के लिए 3 करोड़ 49 लाख 15 हजार, अनुसूचित जनजाति परिवारों की लिए 1 हजार 290 कन्याओं हेतु 1 करोड़ 87 लाख 7 हजार रुपये एवं सामान्य वर्ग की 4 हजार 531 कन्याओं की शादियों के लिए 6 करोड़ 67 लाख 25 हजार का अनुदान देकर राहत पहुंचाई है।
डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि वर्ष 2017-18 की बजट घोषणा में मुख्यमंत्री ने शादी के लिए दी जाने वाली राशि में बढ़ोत्तरी की है, 1 अप्रेल, 2017 से 18 वर्ष या अधिक आयु की कन्या की शादी के लिए दी जाने वाली राशि को 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार, दसवीं पास कन्या की शादी लिए 20 हजार से बढ़ाकर 30 हजार एवं स्नातक कन्या की शादी के लिए 20 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सभी वर्गों के बी.पी.एल. परिवारों, अंत्योदय परिवारों, आस्था कार्डधारी परिवारों की कन्याओं एवं विधवा महिलाओं की 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की अधिकतम दो पुत्रियों के विवाह पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved