Post Views 01
November 4, 2026
जयपुर। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने एपीओ किए गए आईएएस शिखर अग्रवाल पर निशाना साधते हुए कहा है, "यदि सरकार 3 हजार करोड़ की जमीन वापस ले ले, तो सारे अस्पताल और स्कूल ठीक हो जाएं और बेरोजगारों को भत्ता भी मिल जाए।" खाचरियावास ने पूरे मामले की हाईकोर्ट के जज से न्यायिक जांच करवाने की मांग की है। खाचरियावास ने फन किंगडम की 3 हजार करोड़ रुपए की जमीन से लेकर ज्वेल्स ऑफ इंडिया और अनंत राज ग्रुप तक में करोड़ों रुपए के घोटाले के आरोप लगाए। उन्होंने इस मामले में सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
एसीबी कर रही है विला खरीद मामले की जांच
शिखर अग्रवाल पर आरोप है कि उन्होंने, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर और परिवार के सदस्यों ने ढाई साल में गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड से अलवर के अजबगढ़ और उदयपुर के बुझड़ा में 40 विला और कॉटेज करीब 6.15 करोड़ रुपए में खरीदे और उसी कंपनी को 1.80 करोड़ रुपए सालाना की लीज पर दे दिए। कंपनी "अनंता" नाम से होटल और रिसॉर्ट चलाती है। अग्रवाल ने अपने पक्ष में कहा था कि उन्होंने इस खरीद की जानकारी अपने अचल संपत्ति रिटर्न में दी है।
मामला सामने आने के बाद 28 अक्टूबर की देर रात सरकार ने अग्रवाल को उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव समेत सभी पदों से हटाकर एपीओ कर दिया था। बाद में प्रशाखा माथुर को भी एपीओ किया गया। एसीबी ने 31 अक्टूबर को अग्रवाल के खिलाफ प्राथमिक जांच दर्ज की और सरकार ने जांच की मंजूरी दी। कार्मिक विभाग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस देकर एक सप्ताह में जवाब मांगा है, और जांच पूरी होने तक गोयल फैशंस को मिलने वाले निवेश प्रोत्साहन पर भी रोक लगा दी गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved