Post Views 01
November 2, 2026
वार्ड नंबर 11 में सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ, विधायक कोष से खर्च होंगे 11.80 लाख रुपये
अजमेर में लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में वार्ड नंबर 11 में लंबे समय से जर्जर और खराब स्थिति में पड़े सामुदायिक भवन के रिपेयरिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। विधायक कोष से इस कार्य के लिए 11 लाख 80 हजार रुपये की लागत तय की गई है। वार्ड नंबर 11 स्थित सामुदायिक भवन काफी समय से टूट-फूट का शिकार था, जिसके रिपेयर और सौंदर्यीकरण का काम अब शुरू हो गया है। यह भवन जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा, जिसके बाद यहां के स्थानीय नागरिक विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और अन्य आयोजनों के लिए इसका लाभ उठा सकेंगे। इस कार्य के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि शहर में सड़कें, नालियां और अन्य विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। इस बार दीपावली पर शहर का सौंदर्यीकरण बेहद अद्भुत देखने को मिलेगा, जिसके तहत सवा लाख दीपकों से चौपाटी को सजाने की विशेष योजना बनाई गई है। नगर निगम में नए बोर्ड, नई मेयर और नए पार्षदों के नेतृत्व में अजमेर को एक श्रेष्ठ शहर बनाने की दिशा में काम चल रहा है, और सभी नागरिकों से इसमें सहयोग की अपील की है।
स्थानीय पार्षद सूफिया कुरैशी ने बताया कि लौंगिया स्थित वार्ड नंबर 11 के सामुदायिक भवन की जर्जर स्थिति को सुधारने के लिए बहुत आवश्यकता थी, जिसके लिए 11 लाख 80 हजार रुपये का बजट विधायक जी ने पास कराया है। देवनानी जी ने क्षेत्र का दौरा कर लौंगिया में और भी विकास कार्य करवाने का आश्वासन दिया है और यह कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
स्थानीय लोगों द्वारा बताई गई विभिन्न समस्याओं को देवनानी जी और मेयर अनामिका शर्मा के समक्ष रखा गया है, जिन्होंने दीपावली के बाद सभी समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया है।
वर्ष 2012 से यहाँ वाल्मीकि समाज की आबादी अधिक है और लगभग 182 कर्मचारी नौकरियों को लेकर परेशान चल रहे हैं। इस संबंध में भी देवनानी जी को अवगत कराया गया है, और उन्होंने दीपावली तक इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी,मेयर अनामिका शर्मा,पार्षद सूफिया कुरैशी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी,पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved