Post Views 01
November 4, 2026
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से बहस की चुनौती दी है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी करीब पौने दो मिनट के वीडियो में उन्होंने कहा, "24 घंटे हो गए मोदी जी। मैंने आपको चैलेंज दिया है। आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है। किसी भी स्टेज पे आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ।"
राहुल ने पूछा, "देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत।"
बोले- अमेरिकी डील, अडाणी केस और एपस्टीन पर होगी खुली चर्चा
राहुल ने कहा, "सवाल उठेंगे फाइनेंशियल सिस्टम पर, फाइनेंशियल स्ट्रक्चर पर, US डील कैसे हुई, क्यों हुई, इतनी जल्दी क्यों हुई, सिर्फ आपने क्यों की, कैबिनेट को क्यों नहीं बताया, अडाणी का केस बंद क्यों हुआ, एपस्टीन, ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जिस पर खुलकर डिस्कशन होगा। आ जाइए, डरिए मत।"
"मुझ पर मानहानि के 45 केस"
राहुल ने कहा, "बाकी चीजों पे आपने डिफेमेशन केस लगा रखा है, शायद 45 डिफेमेशन केस मेरे ऊपर हैं। मगर इस डिबेट मामले पर, फॉरेन कनेक्शन पर आप डिफेमेशन नहीं लगा रहे हो। लगाइए ना, वहां भी डिस्कस करेंगे, खुल के। ये सब डिस्कस करते हैं, आइए। हैप्पी दिवाली, मोदी जी।"
शाह बोले- हिम्मत है तो संसद में चर्चा करके दिखाइए
इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में कहा कि राहुल गांधी ने नकली संसद बनाकर असली संसद का मखौल उड़ाया और चर्चा का नाटक किया। उन्होंने कहा, "हिम्मत है तो संसद में देश की जनता के सामने चर्चा करके दिखाइए। हाथ में संविधान लेकर घूमने से संविधान का समर्थन नहीं होगा। आचरण संवैधानिक होना चाहिए।"
शाह ने कहा, "मैं कहना चाहता हूं कि नरेंद्र मोदी सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, संसद चलने दो। हम विशेष सत्र बुलाकर एसआईआर पर चर्चा के लिए तैयार हैं।"
विपक्षी दलों ने 31 अक्टूबर को मॉक संसद लगाकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन-महाभियोग चलाया था। मानहानि के मामलों में पिछले हफ्ते सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल को अमित शाह पर 2018 की टिप्पणी से जुड़े केस में बरी किया था।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved