Post Views 01
November 2, 2026
जयपुर। आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में बैंक के कर्मचारियों ने सोमवार को हड़ताल की और सी-स्कीम ब्रांच पर धरना दिया। यूनाइटेड फोरम ऑफ आईडीबीआई ऑफिसर्स एंड एम्प्लॉइज के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में जयपुर की सभी शाखाओं के कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर बैंक की बिक्री रोकने की मांग की। कर्मचारी नेताओं मनोज मीणा, हरीश मीणा, नीलम सोलेन और कविता सिंह ने बताया कि मंगलवार को भी आईडीबीआई की सभी शाखाओं में हड़ताल रहेगी। उन्होंने कहा कि इसके जरिए मोदी सरकार को आईडीबीआई बैंक बेचने के खिलाफ कड़ा संदेश दिया जाएगा। कर्मचारी नेताओं ने केंद्र सरकार को पूंजीवादी सरकार बताया।
कांग्रेस नेता डॉ. वरुण पुरोहित भी धरने में शामिल हुए और कर्मचारियों को संबोधित किया। पुरोहित ने बताया कि राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्तर पर आईडीबीआई बैंक के कर्मचारियों को समर्थन देने का आश्वासन दिया है और इसी कड़ी में वे धरने में पहुंचे।
केंद्र सरकार और एलआईसी ने आईडीबीआई बैंक की 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी कनाडा की फेयरफैक्स की इकाई को 52,878 करोड़ रुपए में बेचने का फैसला किया है। इसकी घोषणा अक्टूबर में की गई थी। सरकार ने इसे वित्तीय क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश बताया था। कर्मचारी इसी बिक्री का विरोध कर रहे हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved