Post Views 01
June 20, 2026
अजमेर: प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर बदमाशों का धावा, थार जीप में की तोड़फोड़, रंगदारी का आरोप
राजस्थान के अजमेर जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जिले के सदर नसीराबाद थाना क्षेत्र स्थित बलवंता चौराहे के पास एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला करने और बाहर खड़ी एक थार जीप में भारी तोड़फोड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों की यह पूरी करतूत कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित व्यवसायी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में प्रॉपर्टी व्यवसायी जे.सी. बंसल ने बताया कि उनका और सुरेश अग्रवाल का कार्यालय बलवंता इलाके में स्थित है, जहां वे वर्तमान में एक नई कॉलोनी विकसित करने का काम कर रहे हैं। शुक्रवार की शाम जब जे.सी. बंसल अपने अन्य साथियों के साथ किसी काम से मांगलियावास गए हुए थे, तभी दो बदमाश उनके कार्यालय पहुंचे और कर्मचारियों से उनके बारे में पूछताछ करने लगे। जब उन्हें मुख्य लोग कार्यालय में नहीं मिले, तो बौखलाए बदमाशों ने बाहर खड़ी शैलेंद्र सिंह महरौली की थार जीप के शीशे तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जब कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो उसमें राहुल उर्फ पकी नाम का बदमाश अपने एक अन्य अज्ञात साथी के साथ तोड़फोड़ की इस घटना को अंजाम देता हुआ स्पष्ट रूप से नजर आया। पीड़ित व्यवसायी ने अपनी रिपोर्ट में नसीराबाद निवासी राज मेहरा उर्फ बाबू मेहरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि राज मेहरा काफी समय से बिना कोई कीमत चुकाए मुफ्त में तीन प्लॉट देने का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी थी। फिलहाल सदर नसीराबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश और लगाए गए आरोपों की सघन जांच शुरू कर दी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved