Post Views 81
February 3, 2026
उदयपुर। वल्लभनगर उपखंड के ढावा पंचायत के बाठेड़ा की सराय गांव में एक सूने घर में चोरी के बाद आग लगाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महेंद्र कालबेलिया ने बताया कि उनकी नानी की तबीयत खराब होने के कारण पूरा परिवार मावली गया हुआ था। रात करीब 12 बजे कुछ अज्ञात लोग टेंपो लेकर आए और लाठी, तलवार सहित अन्य हथियारों के साथ घर में घुस गए।
हमलावरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारियों में रखे सोना-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। इसके बाद उन्होंने घर में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। आगजनी में घर का फर्नीचर, बिस्तर, बिजली की फिटिंग और अनाज सहित लाखों रुपए का घरेलू और कीमती सामान जलकर राख हो गया। पड़ोसियों ने घर को जलते देखा और तुरंत पीड़ित परिवार को सूचना दी। परिवार पहुंच कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। महेंद्र ने डबोक थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने मामले में टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात किसी पुरानी रंजिश के चलते की गई हो सकती है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved