Post Views 41
January 27, 2026
उदयपुर। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान झाड़ोल के फलासिया पंचायत समिति क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई। सरदित पंचायत के तीन बार सरपंच रह चुके भैरूलाल गोदड़ा की उस समय तबीयत बिगड़ गई, जब वे मंच से गणतंत्र दिवस पर भाषण दे रहे थे। अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वे लड़खड़ाकर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत निजी वाहन से उदयपुर के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भैरूलाल गोदड़ा को हार्ट अटैक आया था। घटना की सूचना मिलते ही पूरे झाड़ोल और फलासिया क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गणतंत्र दिवस का उत्सव पल भर में मातम में बदल गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। भैरूलाल गोदड़ा एक मिलनसार और लोकप्रिय जननेता के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने तीन बार सरदित पंचायत का प्रतिनिधित्व किया और क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाई। उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी और जनप्रिय नेता खो दिया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved