Post Views 91
July 6, 2025
पुष्कर में हुआ पहली राष्ट्रीय ऊंट दौड़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन, परंपरागत खेलों को मिली नई उड़ान
विश्वभर में हॉर्स रेस भले ही प्रसिद्ध हो, लेकिन तीर्थनगरी पुष्कर ने रविवार को इतिहास रचते हुए देश की पहली राष्ट्रीय ऊंट दौड़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। यह अनूठा आयोजन कैमिलाइड्स स्पोर्ट्स इंडिया फेडरेशन और राजस्थान कैमिलाइड्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन राजस्थान सरकार के जल संसाधन विकास मंत्री सुरेश सिंह रावत ने केसरिया झंडी दिखाकर किया। इस प्रतियोगिता में देशभर के आठ राज्यों से कुल 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। प्रतिभागी राजस्थान,महाराष्ट्र,दिल्ली,कश्मीर सहित अन्य राज्यों से आए थे। कैमिलाइड्स स्पोर्ट्स इंडिया फेडरेशन के अध्यक्ष इकबाल खान ने जानकारी देते हुए बताया कि ऊंट दौड़ को हाल ही में आयोजित एशियन यूथ गेम्स में भी शामिल किया गया है। साथ ही खेल मंत्रालय द्वारा इसे भविष्य में ओलंपिक खेलों में सम्मिलित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान कैमिलाइड्स एसोसियेशन के सहयोग से राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्रों में हर छह महीने के अंतराल पर ऊंट दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा मिल सके। आयोजन के मुख्य उद्देश्य पारंपरिक ऊंट दौड़ जैसे खेल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और इसे संरक्षित कर अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना रहा। प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित विशिष्ट अतिथियों में वक्फ बोर्ड राजस्थान अध्यक्ष डॉ. खानुखान बुधवाली, विप्र फाउंडेशन प्रदेश महासचिव गोविंद उपाध्याय,राजस्थान ऊंट संघ के अध्यक्ष शंकर गोरा, अरफान खान,राम निवास देवासी शामिल रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रोत्साहन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि ऊंट दौड़ राजस्थान की पहचान और संस्कृति से जुड़ा खेल है, जिसे संरक्षित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने इसे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और खेल के नए अवसरों का माध्यम बताया।यह आयोजन जहां पुष्कर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान में एक नया अध्याय जोड़ता है, वहीं पारंपरिक खेलों को एक नया मंच भी प्रदान करता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस खेल की लोकप्रियता के चलते हाल ही में आयोजित एशियन यूथ गेम्स में इसे शामिल किया गया है । खेल मंत्रालय के प्रयासों से इसे ओलंपिक्स में शामिल करनवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved