Post Views 81
June 7, 2025
उदयपुर। रेस्टोरेंट में खाना खाने गए दो ग्राम विकास अधिकारियों (वीडीओ) के साथ नशे में मारपीट करने और सरकारी कागजों से भरा बैग चोरी करने के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने रेस्टोरेंट संचालक से झगड़ते लड़कों को समझाया था, इस पर लड़कों ने दोनों पर चाकू से वार किया था। मामला उदयपुर की बड़गांव थाना इलाके का है। थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि 3 जून को बड़गांव निवासी नरेश कुमार ने मामला दर्ज कराया। रिपोर्ट में बताया कि वह विकास अधिकारी के पद पर ग्राम पंचायत लोसिंग में कार्यरत है। 2 जून को वह और उनका साथी ग्राम विकास अधिकारी श्याम प्रताप सिंह स्कूटी से घूमने के लिए टीबी हॉस्पिटल बड़ी गांव की तरफ गए थे। वहां रेस्टोरेंट गोलमाल में जा रहे थे। उस दौरान साथी ने अपना बैग स्कूटी में रख दिया। बैग में कुछ सरकारी कागज और रुपए थे। रेस्टोरेंट के अंदर 4-5 लोग पहले से बैठे थे और आपस में हल्ला कर रहे थे। रेस्टोरेंट संचालक और लड़कों के बीच पेमेंट देने की बात पर विवाद चल रहा था। एक लड़का उसकी टेबल के पास आकर गाली-गलौज करने लगा, जिसको उसने मना किया तो उसके बाकी साथी भी उससे उलझने लगे। वह अपने साथी के साथ बाहर की तरफ आए तो सभी पीछे-पीछे बाहर आ गए। एक लड़के ने उसे चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद सभी लड़कों ने उसके और साथी के साथ मारपीट की। पत्थर से सिर पर वार कर दिया। दोनों के सिर और कान पर गहरी चोट आई है। स्कूटी के पास गए तो बैग नहीं मिला। इस मामले में नीमचखेड़ा निवासी अर्जुन कश्यप, इसके भाई रवि कश्यप, अलीपुर निवासी सचिन कश्यप, कृष्णपुरा निवासी सौरभ कश्यप, मल्लातलाई निवासी लक्ष्मीलाल उर्फ सूरज कश्यप और कृष्णपुरा निवासी जितेन्द्र गमेती को गिरफ्तार किया गया।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved