Post Views 11
October 30, 2020
दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4.53 करोड़ से ज्यादा हो गया है। 3 करोड़ 29 लाख 85 हजार 561 मरीज रिकवर हो चुके हैं। अब तक 11.85 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े वर्ल्डोमीटर के मुताबिक है। जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, महामारी शुरू होने के बाद अमेरिका में पहली बार एक दिन में 90 हजार से ज्यादा नए संक्रमितों की पहचान हुई। इसी दौरान 1 हजार 21 लोगों की मौत भी हुई। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिका में हर सेकंड एक व्यक्ति संक्रमित हो रहा है। 50 में से 48 राज्यों में केस बढ़ रहे हैं। दूसरी तरफ ताइवान की नायाब मिसाल है। यहां 12 अप्रैल के बाद से कोई स्थानीय संक्रमण का मामला सामने नहीं आया।
स्पेन में जानलेवा कोरोना वायरस का कहर को देखते हुए देश में छह महीने के लिए हेल्थ इमरजेंसी लगा दी गई है। देश में अब तक 35 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, कोरोना वायरस के मामलों में स्पेन दुनिया में छठे नंबर पर है। स्पेन में कोरोना के अबतक 12 लाख 38 हजार 922 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 35 हजार 639 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी भी दो हजार 404 लोगों की हालत बेहद नाजुक है।
अमेरिका में गुरुवार को 90 हजार नए केस सामने आए। महामारी शुरू होने के बाद एक दिन में पाए जाने वाले कोरोना संक्रमितों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। हालांकि, न्यूयॉर्क टाइम्स ने यह संख्या करीब 86 हजार बताई है। गुरुवार को कुल 91 हजार 295 नए मामले सामने आए। यह डाटा बाल्टीमोर स्कूल ने कलेक्ट किया है। देश में मरने वालों की संख्या अब 2 लाख 28 हजार 626 हो चुकी है। अमेरिका में सबसे ज्यादा मामले और सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। बुधवार को करीब 88 हजार संक्रमित मिले थे।
ताइवान ने संक्रमण पर तेजी से काबू पाने की कोशिश की थी। इसके नतीजे भी साफ तौर पर नजर आने लगे हैं।यहां अब तक 550 केस मिले हैं और कुल सात मौतें हुई हैं। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ताइवान में आखिरी लोकल केस 12 अप्रैल को आया था। इसके बाद से यहां संक्रमण का कोई स्थानीय मामला सामने नहीं आया। ऑस्ट्रेलियन मेडिकल सेंटर ने कहा- न्यूजीलैंड और ताइवान ने वायरस को सबसे बेहतर तरीके से कंट्रोल किया है।
रूस में गुरुवार को संक्रमण के करीब 18 हजार नए मामले सामने आए। इसके बाद हेल्थ डिपार्टमेंट ने देश के सभी अस्पतालों और मेडिकल केयर सेंटर्स को अलर्ट पर रहने को कहा। खास बात ये है कि इसी दौरान 366 लोगों की मौत हो गई। सिर्फ एक राहत की बात है कि इसी दौरान 14 हजार मरीज स्वस्थ भी हुए।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved