Post Views 11
August 30, 2018
जयपुर. श्याम नगर इलाके में एक विवाहिता को उसके ससुराल पक्ष द्वारा घर से बाहर निकालने के मामले में बुधवार को खूब हंगामा हुआ। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तीन घंटे बाद भी विवाहिता को ससुराल में दाखिल नहीं करा पाई।
हालांकि सास-ससुर ने पीडि़ता और पुलिस से खिड़की से ही बात की, लेकिन घर में नहीं घुसने दिया। बाद में पीड़िता ने महिला थाना पूर्व में पहुंचकर सास-ससुर और पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सास ने पहचानने से किया इनकार : पीड़िता ज्योति शर्मा ने बताया कि दिसंबर 2017 में उसकी शादी श्यामनगर राणी सती नगर निवासी अशोक शर्मा के बेटे अनुपम शर्मा के साथ हुई थी। शादी के तीन महीने बाद ही उसे घर से अलग कर दिया। गत 18 अगस्त को पति अनुपम शर्मा भी बिना बताए ही उसे किराये के मकान में अकेले छोड़कर चला गया। इसके बाद सास-ससुर ने उसे पहचानने तक से इनकार कर दिया।
लड़का-बहू को घर से बेदखल कर दिया : अनुपम और ज्योति हमारे पास नहीं रहते। वो शादी के कुछ समय बाद से ही अलग रहने लगे हैं। हमने दोनों को बेदखल कर दिया है। दोनों का तलाक का मामला भी कोर्ट में चल रहा है। - अशोक कुमार शर्मा, पीड़िता ज्योति शर्मा का ससुर
फेसबुक पर दोस्ती के बाद शादी : करीब डेढ़ साल पहले अनुपम शर्मा से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। दोनों ने परिवारों की सहमति के बाद 9 दिसंबर 2017 को शादी की। - ज्योति शर्मा, पीड़िता
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved