Post Views 61
August 27, 2018
जयपुर. जेके लोन अस्पताल ने 289 दिन के बच्चे की सफल सर्जरी में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में स्थान पाया है। तीन साल पहले अस्पताल में बच्चे की सर्जरी हुई थी और चार दिन पहले गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में जगह मिली है।
जेके लोन के चिकित्सकों ने बच्चे के गॉल ब्लेडर में से पथरी निकाल कर न केवल उसका सफल इलाज किया बल्कि विश्व में अस्पताल का नाम रोशन किया। इस सफलता पर राज्य सरकार ने अस्पताल को बधाई दी है। अस्पताल के शिशु शल्य चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार शुक्ला ने बताया कि 26 सितम्बर 2015 को करौली के देव नाम के बच्चे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देव को लगातार उल्टी हो रही थी। जांच में पता चला कि पथरी है। लेकिन बच्चे की उम्र कम होने के कारण सर्जरी में रिस्क था। एनेस्थीसिया और सर्जरी की टीम ने तय किया कि ऑपरेशन करेंगे। 26 सितंबर 2015 काे ऑपरेशन किया। दो घंटे तक चला ऑपरेशन सफल रहा। जब यह पता चला कि विश्व में इतने छोटे बच्चे की कोलेलिथिएसिस बाई लेप्रोस्कोपिक टेक्निक से कभी सर्जरी नहीं की गई तो इसे गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने के लिए यह भेजा गया। चार दिन पहले इसे रिकार्ड में दर्ज कर लिया गया। रिकॉर्ड में डॉ. अरविंद शुक्ला, डॉ. राम डागा, डॉ. आदित्य प्रताप सिंह का नाम शामिल किया गया है। सर्जरी टीम में एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. नीलम डोगरा भी शामिल थी।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved