Post Views 11
October 28, 2020
दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4.43 करोड़ से ज्यादा हो गया है। 3 करोड़ 25 लाख 20 हजार 179 मरीज रिकवर हो चुके हैं। अब तक 11.74 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में एक हफ्ते में पांच लाख नए मामले सामने आ चुके हैं। इसी दौरान 5600 लोगों की मौत हो गई। दूसरी तरफ, फ्रांस सरकार ने एक महीने के लॉक डाउन की तैयारी कर रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में करीब 6 दिन बचे हैं, लेकिन यहां कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक हफ्ते में पांच लाख से ज्यादा मरीज मिले हैं। इसी दौरान 5600 लोगों की मौत हुई है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने यह जानकारी दी है। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य इलिनॉय है। 31 हजार मामले इसी राज्य में सामने आए। विस्कॉन्सिन के हेल्थ इंचार्ज आंद्रे पॉम ने कहा- हम चाहते हैं कि चुनाव के लिए मतदान के दौरान कोरोना दिक्कत न हो। इसके लिए हर जरूरी व्यवस्था की जा रही है।
फ्रांस में संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए सरकार सतर्क हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार रात से देश में लॉकडाउन लगाया जाएगा। बुधवार रात राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों राष्ट्र को संबोधित करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इसी दौरान लॉकडाउन की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कुछ और प्रतिबंधों का ऐलान भी किया जा सकता है।
चीन में 27 अक्टूबर को 42 नए मामले सामने आए। ये सभी मामले शिनजियांग में सामने आए हैं। हेल्थ अथॉरिटी ने कहा है कि 22 केस लोकल ट्रांसमिशन के हैं। इससे अधिकारियों की चिंता बढ़ रही है। इसकी वजह यह है कि चीन अक्सर यह दावा करता है कि उसके यहां लोकल मामले नहीं हैं। चीन में अब कुल मिलाकर 85,868 केस सामने आ चुके हैं। मरने वालों का आंकड़ा 4634 है।
ब्रिटेन सरकार ने फैसला किया है कि देश के हेल्थ नेटवर्क जिसे एनएचएस कहा जाता है, के सभी वर्कर्स को क्रिसमस के पहले ही वैक्सीन उपलब्ध करा दिया जाएगा। हालांकि, इस बारे में फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। एनएचएस के ट्रस्ट चीफ ने कहा- पूरी उम्मीद है कि क्रिसमस के पहले हमारे पास एक बेहतरीन वैक्सीन होगा। लेकिन, इसका पहला हक एनएचएस के फ्रंट लाइन वर्कर्स को है। अमेरिका में भी तीसरे चरण के वैक्सीन ट्रायल शनिवार से शुरू हो गए।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved