Post Views 31
May 2, 2025
उदयपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस लीडर डॉ. गिरिजा व्यास का निधन गुरुवार को हुआ। शुक्रवार को उनके अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों का आना शुरू हुआ। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदा सिंह डोटासरा और विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सांसद मन्नालाल रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग पहुंचे। इस मौके पर भाजपा के पदाधिकारी भी पहुंचे, जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी आदि पहुंचे। अहमदाबाद स्थित जायडस हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे एक महीने पहले गणगौर पूजा के दौरान चुन्नी में आग लगने से झुलस गई थीं। 90 प्रतिशत झुलसने से उनकी हालत बिगड़ती गई और दम तोड़ दिया। अहमदाबाद के हॉस्पिटल से परिवार के लोग उनका शव लेकर उदयपुर पहुंचे। कांग्रेस के राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय और स्थानीय नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है। आपको बता दें कि गिरिजा व्यास केंद्र और राज्य में मंत्री रहीं। वे राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष भी रहीं। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रहते हुए महिलाओं के कल्याण को लेकर कई काम किए। गिरिजा व्यास ने 2018 में आखिरी बार विधानसभा चुनाव उदयपुर शहर सीट से लड़ा था। उनको बीजेपी के गुलाबचंद कटारिया ने हराया था। गिरिजा व्यास पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के भी बहुत नजदीक रहीं।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved