Post Views 11
June 28, 2022
पुलिस अधीक्षक सिविल राईट्स पुलिस मुख्यालय राजस्थान जयपुर, नई भोर स्वयंसेवी संस्थान जयपुर तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भारत सरकार द्वारा बनाए गए ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकार संरक्षण अधिनियम 2019 एवं नियम 2020 के संबंध में अधिकारियों की एक संभाग स्तरीय जागरूकता कार्यशाला ट्रांसजेंडर- समुदाय तीसरी ताली का आयोजन मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक प्रफुल्ल चन्द्र चौबीसा ने बताया कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों के संरक्षण अधिनियम 2019 एवं नियम 2020 के संबंध में जागरूकता कार्यशाला में संभाग के चारों जिलों के एडिशनल एसपी और उनके साथ तीन-तीन थाना प्रभारी आए हुए हैं, जो ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल बना हुआ है उसके प्रतिनिधि हैं। कार्यशाला का उद्देश्य ट्रांसजेंडर वर्ग को उचित संरक्षण व मार्गदर्शन मिले इसके लिए भारत सरकार के अधिनियम 2019 के नियम 2020 को किस तरह से रेगुलरराइज किया जाए, इनके आईडेंटिटी कार्ड कैसे बनाए जाएं, इनका सर्वे कैसे हो साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा बजट घोषणा में 10 करोड़ रुपये का जो बजट घोषित किया गया है, उससे इनकी शिक्षा, स्वरोजगार के साथ समाज में उचित मान-सम्मान मिले इसे लेकर चर्चा की गई है। इस मौके पर सिविल राइट्स पुलिस मुख्यालय जयपुर से आए संजीव जी और नई भोर एनजीओ जयपुर से आई पुष्पा माई ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी बात रखी और ट्रांसजेंडर समुदाय के उत्थान पर चर्चा की। कार्यशाला में विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, पुलिस प्रतिनिधि, विभागीय प्रतिनिधि व ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधि शामिल हुए।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved