Post Views 01
October 20, 2026
अजमेर। जनाना अस्पताल रोड पर लोहागल स्थित अनादि धाम में मंगलवार को 511 कन्याओं का पूजन हुआ। साध्वी अनादि सरस्वती ने अजमेर के अलग-अलग इलाकों से आईं इन कन्याओं का तिलक कर और सिर पर चुनरी बांधकर पूजन किया। मौजूद पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया।
संतों ने कन्याओं को नमन कर लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में नरसिंह मंदिर के महंत श्याम सुंदर शरण देवाचार्य, कृष्ण कृपा धाम के संत रामकृष्ण महाराज और नीम का थाना से आए पूर्व प्राचार्य भवानी शंकर शर्मा मौजूद रहे। साध्वी अनादि सरस्वती सहित इन सभी ने कन्याओं को नमन कर आशीर्वाद लिया। आयोजकों के मुताबिक इस तरह का आयोजन पहली बार हुआ, जिसमें संतों ने माता रानी के स्वरूप में कन्याओं को नमन किया।
कन्याओं को दक्षिणा और उपहार दिए गए
कार्यक्रम संयोजक और सनातन धर्म रक्षा संघ, अजय मेरु राजस्थान के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने बताया कि अजमेर के विभिन्न क्षेत्रों से कन्याएं अपने संरक्षकों के साथ अनादि धाम पहुंचीं। सभी ने प्रसाद लिया और कन्याओं को दक्षिणा तथा उपहार भेंट किए गए।व्यवस्था संभालने में डॉ. कुलदीप शर्मा, देवेंद्र त्रिपाठी, इंदर सिंह पवार, राम सिंह उदावत, विनीता सिंह, सरला शर्मा, बाबू सिंह उदावत, तपस्वी गायत्री शर्मा, संजू खटीक, बृजेश गौड़ सहित कई लोगों ने सेवा दी।इस आयोजन की घोषणा दो दिन पहले की गई थी। आयोजकों के कार्यक्रम के मुताबिक पूजन मंगलवार सुबह 10 बजे रखा गया था और इसमें 21 पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ कन्याओं को प्रसादी, उपहार, दक्षिणा तथा बच्चों के काम आने वाले हॉट केस दिए जाने की बात कही गई थी।