Post Views 01
October 20, 2026
अजमेर: दशहरे के पावन अवसर पर यूथ कांग्रेस ने किया ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन, वोट चोरी का आरोप लगाकर की इस्तीफे की मांग
दशहरे के पावन पर्व पर अजमेर में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रामक रुख अपनाते हुए गांधी भवन चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया है। यूथ कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और इसे 'वोट चोरी की लंका का दहन' करार दिया है। अजमेर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष,हनीश मारोठिया ने बताया कि आज दशहरे के पावन अवसर पर हमने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया है। जिस तरीके से इनकी वोट चोरी का घड़ा भर चुका है, वोट चोरी की लंका का दहन किया गया है। दशहरे को हम अन्याय पर न्याय की जीत के रूप में मनाते हैं, अधर्म पर धर्म की विजय के रूप में मनाते हैं।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष हनीश मारोठिया ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 12 अक्टूबर को एलओपी (नेता प्रतिपक्ष) राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। इस याचिका में मांग की गई थी कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान काटे गए वोटों को पूरी पारदर्शिता के साथ दर्शाया जाए और वोटर लिस्ट के सामने यह कारण बताया जाए कि किन वोटों को और क्यों हटाया गया है।
मारोठिया ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिसके चलते पूरे देश के युवाओं में भारी आक्रोश और विरोध है। यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि उनका यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक इस्तीफा नहीं लिया जाता।