Post Views 51
September 29, 2026
अनिल वनवानी/उदयपुर। शहर में मंगलवार को ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कोर्ट चौराहे से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
मार्च के दौरान शास्त्री सर्कल और दिल्ली गेट से होते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर वोट चोरी के आरोप लगाए।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया, जब शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ समेत कुछ नेता पुलिस के बैरिकेड्स पर चढ़ गए। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स को अंदर की ओर धक्का देते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए। इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला भी जलाया गया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी मांगें रखीं। प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, देहात अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, मावली विधायक पुष्करलाल डांगी, पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved