Post Views 01
September 28, 2026
नई दिल्ली: देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई अहम बैठक के बाद लिया गया।
बैठक में बैंक कर्मचारियों के सभी शनिवार को अवकाश किए जाने की मांग समेत अन्य लंबित मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने शनिवार की छुट्टी के मुद्दे पर विचार के लिए एक संयुक्त समिति गठित करने पर सहमति जताई है। समिति विभिन्न विकल्पों और संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद समाधान तलाशेगी।
इसके अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए Performance Linked Incentive (PLI) योजना में बदलाव को लेकर भी IBA और यूनियनों के बीच बातचीत शुरू करने पर सहमति बनी है। 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी आगे चर्चा की जाएगी।
ग्राहकों को बड़ी राहत
हड़ताल स्थगित होने के बाद बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। बैंक शाखाओं में कैश जमा और निकासी, चेक क्लियरेंस समेत सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। इससे उन लाखों ग्राहकों को राहत मिली है, जिन्हें लगातार तीन दिनों की हड़ताल के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता था।
UFBU ने बैठक में बनी सहमति के बाद फिलहाल अपने प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम और हड़ताल को स्थगित करने का फैसला किया है।
