Post Views 21
September 13, 2026
फायसागर रोड पर रिटायर्ड लाइब्रेरियन के सूने मकान में चोरी, 6-7 लाख के जेवरात व नकदी पार
अजमेर। फायसागर रोड स्थित नरसिंहपुरा गली नंबर-2 में चोरों ने एक सेवानिवृत्त लाइब्रेरियन के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय मकान मालकिन कुसुम लता सुखवाल रक्षाबंधन के पर्व पर अपने पीहर उदयपुर गई हुई थीं।
पीड़िता के अनुसार, 10 तारीख की रात करीब 8 बजे जब वह वापस घर पहुंचीं और दरवाजा खोलकर अंदर गईं तो घर की सभी लाइटें जल रही थीं। कमरे में सामान बिखरा हुआ था और गोदरेज की अलमारी टूटी हुई मिली। जांच करने पर अलमारी से सोने की चेन, कानों के कुंडे, चूड़ियां, सोने की पावल, नाक की लौंग सहित चांदी के आभूषण गायब मिले।
चोर करीब 12 हजार रुपये नकद भी ले गए। इसके अलावा घर में रखे बर्तन और अन्य सामान भी चोरी होने की बात सामने आई है। पीड़िता का आरोप है कि चोर घर में खड़ी गाड़ी से पेट्रोल तक निकालकर ले गए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 6 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
कुसुम लता सुखवाल के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने उसी रात गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर जांच के लिए एक व्यक्ति को भेजा, लेकिन पीड़िता का कहना है कि अभी तक चोरी के मामले में कोई ठोस कार्रवाई या बरामदगी नहीं हुई है। उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चोरों को जल्द पकड़ने और सामान बरामद करने की मांग की है।